कैसरबाग कचहरी में देर रात वकीलों ने की फायरिंग, गोली लगने से दो घायल ... दोनों वकील ट्रॉमा सेंटर में भर्ती।
6AM NEWS TIMES, Published by : Ravindra yadav, Updated : Sat, 03, May, 2025, 04:15 AM
लखनऊ के कैसरबाग कचहरी में वकील कुंवर अंबिका सिंह और साकिब हसन को लगी गोलियां। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों ने लगाया एक दूसरे पर फायरिंग का आरोप।
वजीरगंज स्थित रेजीडेंसी के पास अधिवक्ताओं के चैंबर है जहां अक्सर देर रात तक मुवक्किल और वकीलों का जमावड़ा लगा रहता है
कल शनिवार देर रात वकीलों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग हुई। वकील कुंवर अंबिका सिंह और साकिब हसन को गोली लगी। दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। दोनों ने एक दूसरे पर फायरिंग का आरोप लगाया है।
मड़ियांव निवासी कुंवर अंबिका सिंह उर्फ डब्बू सिंह के रिश्तेदार दिलीप सिंह का रेजीडेंसी के पास चैंबर है। अंबिका का कहना है कि शनिवार देर रात वह कुछ साथियों के साथ चैंबर में बैठे थे। इस दौरान मलिहाबाद निवासी अधिवक्ता साकिब हसन साथियों संग पहुंचे।
आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर बहस होने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग शुरू हो गई। अंबिका को कमर, पैर, हाथ और साकिब को गर्दन के पास गोली लगी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया।
एसीपी चौक राजकुमार सिंह रेजीडेंसी और इंस्पेक्टर वजीरगंज राकेश त्रिपाठी भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। साकिब का कहना है कि वह बातचीत करने पहुंचे थे, तभी फायरिंग कर दी गई। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।